विस्फोटक से लदी कार मिलने के मामले की तफ्तीश में एक और बड़ी जानकारी सामने आई
मुंबई
मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से लदी कार मिलने के मामले की तफ्तीश में एक और बड़ी जानकारी सामने आई है। सीसीटीवी फुटेज में यह बात सामने आई है कि मुंबई पुलिस के निलंबित अधिकारी सचिन वाझे और मृतक मनसुख हिरेन के बीच 17 फरवरी को 10 मिनट तक की मुलाकात हुई थी। टाइम्स ऑफ इंडिया ने एनआईए के अधिकारियों के हवाले से यह दावा किया है कि 17 फरवरी को सचिन वाझे और मनसुख के बीच दस मिनट तक बातचीत हुई थी। बता दें कि गुरुवार को सचिन वाझे की ओर से कथित तौर पर इस्तेमाल की जाने वाली एक और लग्जरी कार जब्त की। टीओआई की खबर के मुताबिक, एंटीलिया मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एनआईए और एटीएस की जांच में यह खुलासा हुआ है 17 फरवरी को मनसुख और सचिन वाझे के बीच जीपीओ के पास मर्सिडीज के भीतर 10 मिनट तक बातचीत हुई थी। साउथ मुंबई के इस इलाके में हिरेन एक ओला कैब से आए थे, जिन्होंने दावा किया था कि मुलुंड-एरोली रोड पर उनकी स्कॉर्पियो खराब हो गई थी। बता दें कि बीते दिनों मनसुख की मौत हो गई थी।
सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि सचिन वाझे मुंबई पुलिस मुख्यालय स्थित अपने ऑफिस से अपनी मर्सिडीज में निकले। बाद में उनकी कार को छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस के मेन ट्रैफिक सिग्नल पर भी देखा गया। सिग्नल ग्रीन होने के बाद भी गाड़ी वहां से नहीं निकली और उन्होंने अपनी कार की पार्किंग लाइट ऑन कर रखी थी। इसके तुरंत बाद हिरेन सड़क पार करते देखे गए और जाकर उसी मर्सिडीज में बैठ गए, जिसे सचिन वाझे चला रहे थे। मर्सिडीज को फिर से जीपीओ के पास ओपोजिट साइड में पार्क करते देखा गया। दस मिनट तक गाड़ी वहां पार्क थी और इसके बाद उस गाड़ी से हिरेन उतरकर चले गए। इसके बाद उसी गाड़ी को फिर पुलिस मुख्यालय में एंटर करते देखा गया।

पाठको की राय